लोहड़ी के पर्व पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। यह त्योहार न केवल हमें खुशियां बांटने का अवसर देता है, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और अपने पूर्वजों को याद करने का भी मौका देता है। CM अपने विधानसभा क्षेत्र की लाडवा अनाजमंडी में लोहड़ी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोहड़ी पर्व के साथ-साथ मकर संक्रांति पर्व की भी बधाई दी। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र को 10 करोड़ 42 लाख के के विकास कार्यों की भी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए चार करोड़ 70 लाख की ग्रांट मंजूर हो चुकी है। उन्होंने गांव बीड मथाना में दो करोड़ 72 लाख सामुदायिक केंद्र के लिए तो वहीं गांव रामशरण माजरा में भी सामुदायिक केंद्र के लिए तीन करोड़ का बजट देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की 15 सड़कों का नवीनीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और शेष सड़कों का निर्माण कार्य मौसम ठीक होने के बाद शुरू कर दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि मकर संक्रांति से एक दिन पूर्व उत्तर भारत खास तौर पर पंजाब में लोहड़ी का त्योहार मनाया जाता है। इसके साथ-साथ पूरे भारत में किसी न किसी नाम से मकर संक्रांति के दिन या उससे आसपास विभिन्न प्रदेशों में कोई न कोई त्योहार मनाया जाता है। मकर संक्रांति के दिन तमिल हिंदू पोंगल का त्योहार मनाते हैं। इस प्रकार लगभग पूर्ण भारत में यह विविध रूपों में मनाया जाता है।