.

हरियाणा में अंबाला के शाहबाद में अरोड़ा मोर्ट्स के पास लगे मोबाइल टावर ठीक करने वाले फिल्ड टेक्निशियन पर पालतू रॉटवीलर कुत्तों ने हमला कर दिया। यह घटना सोमवार शाम छह बजे की है। करीब चार से ज्यादा कुत्तों ने अंबाला सिटी के मोती नगर निवासी 21 वर्षीय शाहजेब की टांगों पर करीब 20 जगह काटा। शाहजेब की एक जगह से टांग की मांसपेशियां तक बाहर आ गई हैं। घायल ने बताया कि हमला करने वाले पालतू कुत्तों की संख्या 4 से ज्यादा थी लेकिन वह ठीक से देख नहीं पाया।
यह कुत्ते टावर लगवाने वाले मालिक के थे। वह जैसे ही गेट खोलकर भीतर जाने लगा तो अचानक हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनने के बाद मालिक के नौकर आए तब जाकर कुत्तों ने उसे छोड़ा। साथियों की मदद से पहले शाहबाद के नागरिक अस्पताल ले गए, जहां से अंबाला छावनी अस्पताल रेफर कर दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद शाहजेब को छुट्टी मिल गई।
घायल शाहजेब ने बताया कि वह टाटा कम्यूनिकेशन कंपनी में कार्यरत है। कंपनी की तरफ से शिकायत मिलने पर वह अपनी कंपनी के ही तीन साथियों के साथ शाहबाद टावर ठीक करने के लिए गया था। उसके दो साथी तो गेट खोलकर टावर पर चढ़ गए थे। कुछ ही देर में वह गेट खोलकर भीतर जाने लगा तो कुत्तों ने हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि उसने कुत्तों को चेहरे की तरफ नहीं आने दिया, वरना यह हमला जानलेवा हो सकता था। 
वह कंपनी अधिकारियों के संज्ञान में मामला डालने के बाद नजदीकी थाने में भी जल्द शिकायत देंगे। शाहजेब ने बताया कि वह मोती नगर में ही किराये के मकान में रहता है। कुत्ते रॉटवीलर थे। टावर लगवाने वाले मालिक ने अपने घर पर काफी कुत्ते रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जहीर के साथ रजिस्टर्ड मैरिज करेंगी सोनाक्षी सिन्हा