किसान आंदोलन को लेकर अब तक की बड़ी खबर सामने आई। पंजाब के किसानों ने 26 जनवरी को देशभर में ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया है। इसके साथ ही किसान 10 जनवरी को केंद्र सरकार के पुतले जलाएंगे। वहीं कृषि नीति के दस्तावेज 13 जनवरी को जलाएंगे। उधर, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत सोमवार रात से बिगड़ी है। उन्हें चम्मच से पानी पिलाया जा रहा है। वह गिलास से पानी नहीं पी पा रहे हैं। डल्लेवाल का विरोध प्रदर्शन 43वें दिन भी जारी है। चार साल बाद किसानों ने फिर से 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च करने का फैसला किया है। इससे पहले 26 जनवरी, 2021 को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च हुआ था। कई ट्रैक्टर लाल किले की ओर बढ़े थे, जहां कुछ अप्रिय घटनाएं हुई थीं।
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा की संयुक्त बैठक के बाद घोषणा की। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर मार्च को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दोनों मंच आने वाले दिनों में विस्तृत योजना बनाएंगे। किसान नेताओं ने कहा कि डल्लेवाल की हालत गंभीर होने के बावजूद उन्होंने कोई भी चिकित्सा सहायता लेने से इनकार कर दिया है। वह अपने प्राणों की आहुति देने पर अड़े हैं। उनका कहना है कि अगर इससे केंद्र सरकार किसानों की बात सुन ले तो यह बलिदान सार्थक होगा।