सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान से एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है जहां दूल्हे विवेक कुमार ने अपनी शादी के दौरान एक नया अनोखा काम किया। विवेक ने अपनी ही शादी में पुजारी बनकर वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया, जिससे उनकी अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई।
विवेक कुमार का परिवार आर्य समाज से जुड़ा हुआ है और उनका खुद का भी धार्मिक अनुष्ठानों में गहरा विश्वास है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही आर्य समाज के धार्मिक आयोजनों में शामिल होते आए हैं, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रों की शिक्षा ली। 12वीं कक्षा के बाद, आचार्य वीरेंद्र शास्त्री से उन्होंने अपनी वैदिक शिक्षा जारी रखी। इस शिक्षा के चलते ही विवेक ने अपनी शादी वाले दिन इन मंत्रों का उच्चारण करने का निर्णय लिया। साथ ही पंडित जी के बिना ही सारी रस्में पूरी कीं। इस कदम ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे गांव में हलचल मचा दी। शादी के दौरान दुल्हन और विवेक को पुजारी की भूमिका निभाते देख सभी मेहमान हैरान रह गए। उनका यह कदम बताता है कि हम अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर भी नई चीजें सीख सकते हैं।
विवेक का मानना है कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा रहना बेहद जरूरी है।