हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा। लिंक भेजने के बाद वह कोटक सिक्योरिटी नामक एप के जरिए ग्रुप से जुड़ गया। उसे भारी मुनाफे का लालच दिया गया।
मुनाफे की रकम निकालते समय उसे पांच लाख रुपये का चूना लग गया। साइबर थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी के धारूहेड़ा निवासी चंद्रपाल ने बताया कि वह अपना खुद का कारोबार करता है।
एक दिन पहले उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक आया। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद कोटक सिक्योरिटी नामक एप डाउनलोड हो गया। उसे आईपीओ खरीदकर भारी मुनाफे का लालच दिया गया। चंद्रपाल ने एप के जरिए पैसे ट्रांसफर कर निवेश करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे आईपीओ अलॉट हो गया।
चंद्रपाल को जब धोखाधड़ी का पता चला तो उसने अपने और पत्नी दोनों के खातों की स्टेटमेंट निकलवाई और साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने चंद्रपाल की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए उनकी जांच की जा रही है, जिससे ठगी करने वाले शातिर बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।
