मेरठ में एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका के ढाई साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को गन्ने के खेत में दफना दी।
प्रेमी ने रविवार की रात महिला को खेत में मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद आरोपी ने महिला की गोद से बच्चा छीन लिया और उसे जमीन पर पटक दिया। महिला ने जैसे ही बीच-बचाव किया। आरोपी ने उसके गले में चाकू मार दी। फिर बच्चे को लेकर खेतों की तरफ दौड़ गया। फिर गला दबाकर मासूम को मौत के घाट उतार दिया।

खून से लथपथ महिला किसी तरह जान बचाकर लोगों के बीच पहुंची। इलाके के लोग उसे अस्पताल ले गए। यहां महिला का इलाज जारी है। पूरा मामला परतापुर थाना क्षेत्र का है।

थाना लोहियानगर के नरहैड़ा गांव की रहने वाली नजराना (28) की शादी 10 साल पहले परतापुर के काशी गांव के रहने वाले निजाम से हुई थी। नजराना के 2 बेटे हैं। पति निजाम पंजाब में कपड़े का काम करता है। वहीं, नजराना मेरठ में बच्चों के साथ अकेली रहती है।

नजराना के पिता हमीद ने बताया- पिछले 4 दिनों से नजराना दोनों बच्चों के साथ हमारे यहां अपने मायके नरहैड़ा आई थी। फिर शाम को यह कहकर घर से निकली थी कि बच्चों के कपड़े लेने हैं। इसलिए काशी गांव जा रही हूं। वह ढाई साल के बेटे को ले गई थी। बड़ा बेटा पांच साल का है, वो हमारे साथ ही रहा। रात को हमारे पास पुलिस का फोन आया, फिर हमें पता चला कि बेटी मेडिकल अस्पताल में भर्ती है।

हमीद ने बताया- बेटी कुछ भी बोल नहीं पा रही है। उसके गले में चाकू मारा गया है। उसने इशारे में हमें पूरी बात बताई। इसके बाद हम लोग गन्ने के खेत पर पहुंचे। पुलिस भी हमारे साथ थी। लेकिन हमें कुछ नहीं मिला। फिर पुलिस ने एक लड़के को पकड़ लिया। उसने बताया कि खेत में उसने बच्चे को दफन कर दिया है।

इशारों में नजराना ने अपने भाइयों को बताया कि उसके ऊपर तीन लोगों ने हमला किया है। डॉक्टर के मुताबिक- नजराना कुछ बोल नहीं पा रही है क्योंकि उसके गले में वोकल कॉर्ड यानि आवाज की नस कट गई है। हालांकि डॉक्टर इलाज कर रहे हैं, लेकिन नजराना अब बोलेगी या नहीं कहना मुश्किल है।

नजराना की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है। हमले के करीब 1 घंटे बाद वो बेहोश हो गई थी। सुबह तीन बजे जब उसे होश आया, तब नजराना ने इशारे से ही पूरी वारदात के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने 5 बजे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 5.30 बजे गन्ने के खेत में दफनाए गए मासूम की लाश को बाहर निकाला गया। पिता हामिद ने बताया- हमें 6 बजे दारोगा ने बताया कि तुम्हारे नाती की लाश मिली है।
हमीद ने बताया कि आरोपी का नाम सालिम है। आरोपी भी काशी गांव का रहने वाला है, जो बेटी के सामने वाले मकान में रहता है। सालिम की दामाद के परिवार से रंजिश चली आ रही है। वो मेरी बेटी के पीछे पड़ा था। अब दोनों में क्या कुछ बात हुई, यह मैं नहीं जानता हूं। लेकिन दोनों परिवारों में रंजिश थी। पहले भी झगड़ा हो चुका है। सालिम ने दामाद के घर चोरी की थी, जिसमें उस पर मुकदमा हुआ था। वो पहले भी दामाद पर हमला कर चुका है।
पूरे मामले में परतापुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे की बॉडी मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपी कौन हैं, कहां हैं, इसकी भी तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस को घायल महिला की सूचना मिली थी। पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद महिला की शिकायत के आधार पर सालिम नामक युवक को अरेस्ट किया है। जिसने पूछताछ में बताया कि उसने बच्चे को मारकर दफना दिया है। निशानदेही पर बच्चे की बॉडी बरामद की है, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जहीर के साथ रजिस्टर्ड मैरिज करेंगी सोनाक्षी सिन्हा