मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला की दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। अंजाम देने वाला  पीड़िता का पड़ोसी ही निकला। पुलिस ने 28 संदिग्धों में से आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। खास बात यह रही कि पीड़िता द्वारा खुद को बचाने के प्रयास में नाखूनों से आरोपी के शरीर को कई जगह खरोंचा था। उन्हीं खरोंचों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सख्ताई से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उस रात उसने गंदी फिल्म देखी थी और वह नशे में चूर था। तभी किशोरी पर उसकी निगाह पड़ गई। उसे बहाने से अपने साथ बुलाकर ले गया और वारदात को अंजाम दिया।
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि छाता सीओ आशीष शर्मा की टीम ने ईदगाह तिराहा, कोसीकलां से पवन उर्फ ढांचा पुत्र शेर सिंह निवासी तालाबशाही, कोसीकलां को गिरफ्तार किया है। एसपी देहात के अनुसार आरोपी पवन के खिलाफ पूर्व के भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि घटना वाली रात को उसके परिवार में एक आयोजन था। काफी भीड़भाड़ हो रही थी। पड़ोस की किशोरी उसी आयोजन में रात के समय घूम रही थी। वह नशे में था। कुछ साथियों संग उसने गंदी फिल्म भी देखी थी। तभी वह किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने अपने बचाव में उसके चेहरे, कान व अन्य कई स्थानों पर खरोंच दिया था। इधर, उसके घुटने और कोहनी में भी चोट आई थी। वारदात के बाद वह किशोरी को छोड़कर भाग गया था। एसपी देहात के अनुसार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ छाता आशीष शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस वारदात के खुलासे के लिए 28 संदिग्धों को उठाया था। उस दिन किशोरी के मोहल्ले में आयोजन भी था। पहले शक था कि आयोजन में आया कोई व्यक्ति इस वारदात को अंजाम दे गया होगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व आयोजन में इस्तेमाल हुए कैमरों के फुटेज भी खंगाले थे। इसके बाद पुलिस ने कुछ रिश्तेदारों, मोहल्ले के लोगों को उठाया। तभी पुलिस को पवन उर्फ ढांचा के विषय में पता लगा कि वह फरार है। उसकी तलाश शुरू की गई। शनिवार को उसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले। उससे उन चोटों के विषय में पूछा तो पहले तो एक्सीडेंट होने की कहानी बताने लगा। बाद में अपना जुर्म कबूल किया।
दिव्यांग किशोरी वारदात के बाद से सहमी-सहमी रहने लगी है। उसके परिजनों ने बताया कि बेटी पहले से ही बोलने व सुनने में असमर्थ है। आरोपी को भी यही लगा होगा कि बच्ची किसी को कुछ बता नहीं पाएगी। वारदात के बाद से वह घबराई रहती है।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपी के शरीर और किशोरी के शरीर पर मिले घाव के निशानों का डीएनए कराया जाएगा। किशोरी का स्लाइड सैंपल भी भेजा गया है। आरोपी का सीमन, बाल, नाखून के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा किशोरी के नाखूनों का भी सैंपल लिया गया है, जिससे की आरोपी के घाव के आकार का मिलान कराया जा सके। वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे उसे सजा कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जहीर के साथ रजिस्टर्ड मैरिज करेंगी सोनाक्षी सिन्हा