हरियाणा के यमुनानगर में हथियारबंद बदमाशों ने एक मकान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मामला शहर थाना यमुनानगर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के जोगिंद्रनगर का है। कॉलोनी निवासी सुनीता ने पुलिस को शिकायत दी। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। शिकायत मिलने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
महिला ने बताया कि सोमवार रात को एक बार फिर से हमलावर उनके घर पर पहुंचे। हमलावरों के हाथ में तलवार और अन्य हथियार भी थे। हमलावरों ने मकान में तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावर धमकी देकर गए हैं। इससे पूरा परिवार और आस-पास के पड़ोसी भी दहशत में हैं।
उधर, पुलिस जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। मकान में तोड़फोड़ की गई है। मौके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।